जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गुजरात पुलिस एसआईटी के जरिए तीस्ता सीतलवाड़ के हवाले से दिवंगत कांग्रेस नेता अहमद पटेल पर आरोप लगाने के मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। गहलोत ने रविवार को एक ट्वीट कर इस घटना को निंदनीय और राजनैतिक द्वेष की भावना से प्रेरित बताया है। गहलोत ने अपने ट्वीट में लिखा है कि पिछले गुजरात चुनाव से पूर्व भी भाजपा नेताओं की ओर से अहमद पटेल पर आरोप लगाए गए थे। उन्होंने लिखा आज अहमद पटेल अपना पक्ष रखने के लिए हमारे बीच में नहीं हैं तो राजनीतिक लाभ के लिए उन पर मिथ्या आरोप लगाए जा रहे हैं। यह बदले की राजनीति भाजपा-आरएसएस के चरित्र का प्रमाण है। गहलोत ने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आरोप लगाकर भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध की पराकाष्ठा दिखा रही है। एक पाकिस्तानी व्यक्ति की ओर से लगाए गए आरोपों पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी जैसे व्यक्तित्व पर सवाल उठाना भी भाजपा का असली चेहरा दिखाता है।