जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
एनआईए मामलों की विशेष अदालत ने उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोहम्मद गौस, रियाज अत्तारी और फरहाद के पुलिस रिमांड को 16 जुलाई तक बढ़ा दिया है। वहीं अदालत ने 4 अन्य आरोपियों मोहसीन खान, आसिफ हुसैन, मोहम्मद मोहसीन के साथ आरोपी वसीम अली को जेल भेज दिया है। मंगलवार को एनआईए की ओर से कड़ी सुरक्षा के बीच मामले के सातों आरोपियों को एनआईए मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान कोर्ट में पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया। वहीं किसी भी व्यक्ति और वकील को इस दौरान कोर्ट में प्रवेश नहीं करने दिया गया। बता दें, कि कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में एनआईए कोर्ट ने 2 जुलाई को हत्या करने वाले मोहम्मद रियाज, गौस मोहम्मद और मोहसिन खान व आसिफ को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर एनआईए को सौंपा था। इसके बाद एनआईए ने दो अन्य आरोपियों मोहम्मद मोहसीन व वसीम अली को गिरफ्तार कर कोर्ट से इनका भी पुलिस रिमांड लिया था. वहीं गत शनिवार को गिरफ्तार किए सातवां आरोपी फरहाद मोहम्मद शेख उर्फ बबला को भी पुलिस रिमांड पर लिया गया था।दरअसल एनआईए की टीम डिटेन किए गए लोगों से लगातार पूछताछ करने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार अंजुमन सदर मुजीब सिद्धकी को हिरासत में लिया गया है। सिद्दीकी के घर पर एनआईए की टीम द्वारा सर्च किया गया। इस पूरे मामले को लेकर एनआईए टीम सदर सिद्दीकी से पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी एनआईए की टीम ने किन-किन लोगों को डिटेन किया। इसको लेकर कोई खुलासा नहीं किया।

0 टिप्पणियाँ