झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ के सीमावर्ती मध्यप्रदेश के सोयत खुर्द गांव में आज आकाशीय बिजली गिरने से स्कूल से घर लौट रहे बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में 3 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं चार अन्य का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। मध्यपदेश के सोयत खुर्द निवासी हरीश पांचाल ने बताया कि सोयत खुर्द गांव के माध्यमिक स्कूल से छुट्टी के बाद सभी छात्र अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान तेज बारिश हुई, तो कुछ बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी जिससे पेड़ के नीचे खड़े सभी बच्चे अचेत हो गए। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 7 बच्चों को गंभीर हालत होने पर झालावाड़ के जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां 3 बच्चों कुंदन, चंदन और भोला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं शेष चार अन्य बच्चों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक व मेडिकल कॉलेज डीन भी आपातकालीन वार्ड में पहुंचे और बच्चों के उपचार की तुरंत चिकित्सा मुहैया करवाई। उधर अस्पताल प्रशासन द्वारा तीनो मृतक बच्चों के शवो को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जहां सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएंगे। उधर सोयत खुर्द गांव में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और मृतक बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया।