जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट पेपर लीक के प्रकरण में राजस्थान एसओजी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए रीट परीक्षा से पूर्व प्रश्न-पत्र प्राप्त करने के लिए एक अभ्यर्थी के लिए रुपयों की व्यवस्था करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। एडीजी एसओजी अशोक राठौड़ ने बताया कि बुधवार को जालौर के सांचौर निवासी ओमप्रकाश विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। एसओजी को आरोपी की काफी लंबे समय से तलाश थी। अब तक के अनुसंधान में यह तथ्य उजागर हुए हैं कि ओमप्रकाश विश्नोई ने एक अभ्यर्थी राजूराम ईराम को रीट परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र प्राप्त करने के लिए रुपयों की व्यवस्था की थी। इसके बाद राजूराम ने परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र प्राप्त किया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद एसओजी मुख्यालय लाया गया है, जहां पर उससे प्रकरण को लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे का अनुसंधान किया जाएगा। वहीं रीट पेपर लीक प्रकरण में अब तक राजस्थान एसओजी ने कुल 67 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसओजी इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।