झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
पंजाब के स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए अशोक चक्र विजेता शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया कि आज पुण्यतिथि है। इस अवसर पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से झालावाड़ में उनके शहीद स्मारक पर शहर वासियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी । इस दौरान परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और शहीद निर्भय सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि झालावाड के निवासी और कुंमाउ रेजिमेंट के निर्भय सिंह सिसोदिया ने ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान आतंकियों के सामने असाधारण शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया था। इस दौरान वे आतंकियों से लोहा लेते हुए 6 जून 1984 को शहीद हो गए थे। जिसके बाद उनके असाधारण शौर्य और अनुकरणीय साहस को देखते हुए सरकार ने उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया था। आज उनकी पुण्यतिथि पर झालावाड़ शहर वासियों सहित सैन्य अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने झालावाड़ पहुंचे परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव ने कश्मीर में लगातार हो रही टारगेट किलिंग के मामले में कहा कि हिंदुस्तान की धरती पर आंख उठाने वाले आतंकियों का हमारे सुरक्षा बल लगातार खात्मा कर रहे हैं, जैसे जैसे आतंकी अपनी रणनीति बदलते हैं उसे कई गुना तेजी से हमारे सुरक्षा बल अपनी रणनीति में बदलाव कर आतंकियों का सफाया कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की इस पवित्र मिट्टी की ओर जिसने भी नजर उठाई उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा । इस दौरान कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक सहित शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया के परिजन भी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ