श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
जिला कलक्टर रूक्मणि रियार सिहाग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि बजट वर्ष 2022-23 हेतु आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन जिला परिषद, श्रीगंगानगर के सभागार में किया गया। उक्त कार्यशाला में पूर्व राज्यमंत्री एवं श्रीकरणपुर विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर, जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा, पंचायत समिति प्रधान श्रीकरणपुर गोमती मेघवाल, पंचायत समिति प्रधान पदमपुर सुनीता पूनिया, पूर्व सांसद एवं जिला परिषद सदस्य शंकर पन्नू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) डॉ. हरितिमा सहित जिला परिषद के विभिन्न सदस्य एवं प्रगतिशील कृषक उक्त कार्यशाला में उपस्थित रहे। कार्यशाला में कृषि, उद्यान, कृषि विपणन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, जल संसाधन, उर्जा, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के जिला स्तरीय अधिकारीगणों द्वारा बजट घोषणाओं व विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जन तक प्रचार-प्रसार के लिए पावर पॉर्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यशाला के प्रारंभ में उपस्थित समस्त जन प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रगतिशील कृषकों के स्वागत उपरान्त संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. जी.आर.मटोरिया द्वारा कृषि विभाग से संबंधित कृषि बजट 2022-23 के विभिन्न बिंदुओं एवं योजनाओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। डॉ. मटोरिया ने बताया कि राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन में जिले को डिग्गी निर्माण हेतु 1555 लक्ष्यों का आवंटन हुआ है। जिस पर कृषकों को कुल 4913.80 लाख रूपये के अनुदान का भुगतान किया जावेगा। इसी प्रकार फार्म पौण्ड निर्माण पर कुल 33 लाख रूपये, तारबंदी पर 120.90 लाख रूपये, जैव कीटनाशी किट पर 9 लाख रूपये व सूक्ष्म पोषक तत्व किट वितरण पर 46 लाख रूपये अनुदान का भुगतान कृषकों को वर्ष 2022-23 में किये जाने का वित्तीय प्रावधान प्राप्त हुए हैं। कार्यशाला के आयोजन हेतु राज्य स्तर से नियुक्त प्रभारी अधिकारी एन.के. भूतिया, संयुक्त निदेशक उद्यान, उद्यान निदेशालय जयपुर द्वारा कृषि बजट के विभिन्न लक्ष्यों की राज्य स्तरीय प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिला कलक्टर द्वारा कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को कृषि बजट के बिन्दुओं व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति करने हेतु निर्देशित किया गया। संयुक्त निदेशक पशुपालन द्वारा पशुपालन विभाग डॉ. रामवीर शर्मा, सहायक निदेशक उद्यान प्रीती गर्ग, संयुक्त निदेशक कृषि विपणन करण सिंह, अधिशाषी अभियंता जल संसाधन विभाग धीरज चावला, अधिशाषी अभियंता जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वी.आई परिहार, सहायक अभियन्ता जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण पंचायत समिति सूरतगढ़ शरीफ मोहम्मद एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की पॉवर पॉईंट प्रेजेंटेशन द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर द्वारा कार्यशाला आयोजन हेतु प्रशासन एवं कृषि विभाग की सराहना करते हुए कार्यशाला को कृषक हित में अत्यंत उपयोगी बताया। ब्लॉक स्तर पर कार्यशालाओं के आयोजन हेतु जिला कलक्टर द्वारा समस्त उपखण्ड अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर ब्लॉकवार कार्यशालाओं का कलैण्डर तैयार कर दिया गया है। विधायक ने सिंचाई जल की महता को बताते हुए जन प्रतिनिधियों व प्रगतिशील कृषकों को प्रचलित सतही सिंचाई पद्धति को छोड़कर फव्वारा व बूंद-बूंद सिंचाई अपनाकर उतने ही सिंचाई जल द्वारा अधिक क्षेत्र में फसलों का उत्पादन लेने की सलाह दी। जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा द्वारा भी कृषि बजट आमुखीकरण कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु प्रशंसा करते हुए उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों को आह्वान किया गया कि राजस्थान सरकार की कृषक हित में जारी कृषि बजट 2022-23 की विभिन्न योजनाओं को पात्रा कृषकों को लाभांवित करने का भागीरथी प्रयास करें। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक कृषि, डॉ जी.आर.मटोरिया द्वारा उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व प्रगतिशील कृषकों का कार्यशाला में भाग लेने पर आभार व्यक्त किया गया। मंच संचालन प्रदीप शर्मा कृषि अधिकारी ने किया।

0 टिप्पणियाँ