झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले के झालरापाटन थाना पुलिस ने मादक पदार्थ विक्रय से जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फसलों के बीच अवैध रूप से उगाए गए मादक पदार्थ गांजा के 260 पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस दौरान अवैध मादक पदार्थ की खेती में लिप्त दो आरोपी किसानों को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए झालरापाटन थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि एसपी मोनिका सेन के निर्देशन पर मादक पदार्थ तस्करों व विक्रेताओं की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दरमियान थाना क्षेत्र झालरापाटन के खेरासी माल इलाके में अवैध गांजे की खेती की सूचना मिली थी।  जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर जाकर दबिश दी। मौके पर खेत में भिंडी की फसलों के बीच अवैध रूप से उगाए गांजे के 260 पौधे मिले। जिन्हें पुलिस टीम ने जप्त कर आरोपी किसान नानजीराम और राधेश्याम लोधा निवासी गोविंदपूरा को एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजा के पौधों का वजन 215 किलो होना पाया गया, जिनकी बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गांजे के पौधे सुखा देते थे और अन्य खरीदारों को बेच दिया करते थे।