जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर में गुरुवार को कांग्रेस की प्रेस वार्ता आयोजित हुई जिसमें सीएम अशोक गहलोत समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है फिर संगठन कमजोर हुआ है यह बात सभी को स्वीकार करनी चाहिए। लेकिन हम सभी का जिलों से लेकर ब्लॉक तक में 4-4 गुटों में बंटना भी गलत है। उन्होंने कहा कि जहां तक ब्यूरोक्रेसी की बात है तो जब उन्हें लगता है कि सरकार जा रही है तो उनकी आदत है कि मुंह फेरने लगती है। गहलोत ने कहा कि सरकार पर आरोप लगते हैं कि जनसुनवाई नहीं होती है, लेकिन यह बात गलत है। जिला और ब्लॉक स्तर पर लोगों की सुनवाई नहीं होती जिससे लोगों को लगता है कि सरकार काम नहीं कर रही। आपको कलेक्टर के पास जाना पड़ेगा। कलेक्टर अगर काम नहीं करता है तो सरकार उसको बदल सकती है। लेकिन कार्यकर्ता अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर के पास नहीं जा रहे। ब्यूरोक्रेसी तो ऐसी होती है कि जैसे ही उसको लगने लगता है कि सरकार जा रही है, तो अधिकारी मुंह फेरने लगते हैं। लेकिन दिक्कत ये है कि हमारे भी जिले और ब्लॉक में चार-चार ग्रुप बने हुए हैं इसलिए सुनवाई नहीं होती है।
जीत में सब चाहते भागीदारी, हार में नहीं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जीत में सभी भागीदारी निभाना चाहते हैं। लेकिन हार में कोई भागीदार नहीं बनता। हार-जीत सामूहिक जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सरकार क्या काम करे इसके लिए पीसीसी अधिवेशन बहुत जरूरी है। सरकार के कार्यों की मार्केटिंग होनी चाहिए जैसे भाजपा करती है लेकिन अपने लोग घर में चुप बैठे रहते हैं जिससे सरकार की योजनाओं का फायदा चुनाव में नहीं मिलता है।
टीवी पर देखा वाजिब अली को ईडी और ओम प्रकाश हुडला को सीबीआई का नोटिस।
राजस्थान कांग्रेस की ओर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला के समापन में आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे विधायक वाजिब अली को ईडी और ओम प्रकाश हुडला को सीबीआई की ओर से नोटिस दिए जाने की खबर टीवी पर चली है और अभी तो यह शुरुआत है। गहलोत ने कहा कि पहले तीन-तीन दिन के शिविर होते थे और सभी को अपनी बात रखने के अवसर मिलता था, लेकिन अब बड़े नेताओं में सुनने का माद्दा नहीं रहा। वर्षों से कार्यकर्ताओं को सुना नहीं जा रहा है। उनको दूर करने का प्रयास करना चाहिए।
राजस्थान में 2023 में जीते तो होगा पूरे देश में कांग्रेस का उदय।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा-आरएसएस के पास मजबूत फौजें हैं लेकिन हमारे पास नहीं। गहलोत ने कहा कि अगर राजस्थान में 2023 में कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो कांग्रेस का फिर से उदय शुरू हो जाएगा।
जनता का परसेप्शन बदलता रहता है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि अभी देश में प्रशिक्षण की राजनीति चल रही है। जब हमारा बजट अच्छा आया और घोषणाएं शानदार हुईं तो हर कोई कह रहा था कि अब प्रदेश में 2023 के चुनाव में कांग्रेस की 140 सीटें आएंगी लेकिन जैसे ही पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आए तो दूसरी तरह की चर्चा होने लगी। पब्लिक का परसेप्शन फिर बदल गया। ऐसे में सब मिलकर दमखम दिखाओ और राजस्थान को मॉडल स्टेट बनाओ।

0 टिप्पणियाँ