जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कश्मीर घाटी में टारगेट किलिंग के बाद लोगों में दहशत व्याप्त है। लोग अपने घरों से पलायन कर रहे हैं। इन सबके बीच राजस्थान आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार की कश्मीर नीति के खिलाफ हवामहल पर प्रदर्शन किया। साथ ही आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में आए दिन देश के जवानों, कश्मीरी पंडितों और आम आदमी पर आतंकवादियों की ओर से हमले किए जा रहे हैं। इस पर कोई एक्शन लेने के बजाए केंद्र सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। राजस्थान आम आदमी पार्टी ने हवा महल से पुरानी विधानसभा तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मयंक त्यागी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार कश्मीर फाइल्स फिल्म का प्रमोशन और प्रचार प्रसार करने के लिए तो नीति बना लेती है। लेकिन कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा कैसे दी जाए, उन्हें पुनर्वास कैसे दिया जाए इस पर कोई नीति नहीं बनाती। उन्होंने कहा कि 2 दिन पहले आतंकवादियों ने राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले विजय कुमार जो कि जम्मू कश्मीर में बैंक मैनेजर के रूप में कार्यरत थे, उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।इससे पहले भी एक महिला अध्यापिका को आतंकवादियों ने मार दिया। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की धारा 370 हटाने की विफल नीतियों का खामियाजा आम जनता, जवानों और कश्मीरी पंडितों को उठाना पड़ रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी अब अपने प्रदर्शन को तेज करते हुए सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च में हिस्सा लेते हुए बीजेपी की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

0 टिप्पणियाँ