करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली जिले के टोडाभीम उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मांचड़ी में स्थित चौंडया का पुरा निवासी एक युवक राधेश्याम पुत्र बाबूलाल मीणा की शुक्रवार को दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस थाने में प्राथमिकी दी है। प्राथमिकी के माध्यम से मृतक के चाचा रोहिताश पुत्र बाबूलाल मीणा निवासी चौंडया का पुरा माचड़ी ने बताया कि उसके भतीजे राधेश्याम ने सुबह फोन के माध्यम से परिजनों को बताया कि वह धोलादाता मंदिर के पास पड़ा हुआ है उसे बचा सको तो बचा लो। जिस पर परिजन उसे लेने धोलादाता मंदिर के पास पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिला। जिसे लेकर वो टोडाभीम अस्पताल आए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मर्ग दर्ज कर लिया। उक्त घटना को लेकर मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने युवक की हत्या का अंदेशा जताते हुए हत्या में लिप्त संदिग्ध आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर शव को रख कर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए तथा टोडाभीम बालघाट मार्ग पर जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण शव को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। ग्रामीणो ने चेतावनी दी है कि जबतक आरोपियों को गिरफ्तार नही किया जाएगा तबतक धरना जारी रहेगा।