बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।
बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र के चोरडिया चौक में गुरुवार दोपहर एक मकान में बनी पानी की (कुंडी) टंकी की सफाई करने उतरे दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गंगाशहर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंगाशहर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान रामेश्वर और जगदीश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गंगाशहर में चतुर्भुज इंदरचंद का चोरड़िया चौक में स्थित एक मकान में पानी की टंकी की सफाई करने के लिए दो मजदूर बुलाए गए थे। हालांकि टंकी में ज्यादा पानी नहीं था। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से दुर्घटना होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मृतक रामेश्वर और जगदीश गंगाशहर में ही रहते थे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोनों को पीबीएम अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और उसके बाद मोर्चरी में दोनों के शव को रखवाया गया है। उनके परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।