जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को कस्टम एयर इंटेलीजेंस विंग ने सोना तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया है। कस्टम विभाग की टीम ने जयपुर एयरपोर्ट पर यात्री से तस्करी कर लाया जा रहा 346 ग्राम सोना पकड़ा है। यात्री मस्कट से तस्करी कर सोना लेकर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। यात्री के कब्जे से बरामद सोने की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। वह मीट कटर मशीन में सोना छुपाकर लाया था। गुरुवार सुबह यात्री जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। कस्टम विभाग की टीम यात्री से पूछताछ कर रही है।कस्टम आयुक्त राहुल नागरे के निर्देशन पर सहायक कस्टम आयुक्त बीबी अटल के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सहायक कस्टम आयुक्त बीबी अटल के मुताबिक जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने गुरुवार को तडके 3.40 बजे मस्कट से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री को रोका गया। कस्टम विभाग की पूरी टीम को देखकर यात्री हड़बड़ा गया। संदिग्ध लगने पर यात्री के सामान की गहनता से चेकिंग की गई। एक्स-रे मशीन में बैगेज की जांच करने पर एक इलेक्ट्रिक मीट ग्राइंडर मशीन बरामद हुई। शक होने पर मीट कटर मशीन की जांच की गई। इस दौरान मीट कटर मशीन के अंदर सोने जैसे कुछ वस्तु नजर आई। पूछताछ करने पर यात्री संतोष पूर्वक जवाब नहीं दे पाया। मीट कटर मशीन को खोलने पर उसमें सोना बरामद हुआ। कस्टम विभाग की टीम ने तस्करी कर लाया गया 346 ग्राम तस्करी का सोना बरामद किया। इसकी कीमत करीब 18 लाख रुपये है। सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।