जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में प्री मानसून बारिश का दौर थमने से वातावरण में उमस बढ़ गई है। वहीं पश्चिमी हवा के कारण गर्मी भी बढ़ रही है। प्रदेशवासी मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब यह इंतजार खत्म होने को है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से राजस्थान में एक बार फिर मानसून की बरसात शुरू हो जाएगी। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। इससे पहले लगभग सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। वहीं जालोर व नागौर में तो पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जालोर में 44.2 डिग्री व नागौर में 44.1 डिग्री तापमान रहा। जयपुर में भी कई दिन बाद तापमान 40.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में सुबह से ही धूप व गर्मी के तेवर तीखे रहे।

सात जिलों में यलो अलर्ट।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। विभाग ने सोमवार को सात जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उदयपुर, सिरोही, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व राजसमंद में बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ मानसून की एंट्री भी होगी।