जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट पेपर लीक के प्रकरण में राजस्थान एसओजी ने बडी कार्रवाई को अंजाम देते हुए परीक्षा से पूर्व प्रश्न-पत्र प्राप्त करने और उसे सॉल्व करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एडीजी एसओजी अशोक राठौड़ ने बताया कि बुधवार को जालौर निवासी शैतान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुराचंद थाना सरवाना जिला जालौर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत है। एसओजी को आरोपी की काफी लंबे समय से तलाश थी जिसके खिलाफ एसओजी ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी करवा रखा था। अब तक के अनुसंधान में यह तथ्य उजागर हुए हैं कि शैतान सिंह ने रीट परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र प्राप्त किया और उसे सॉल्व कर अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद एसओजी मुख्यालय लाया गया है, जहां पर उससे प्रकरण को लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे का अनुसंधान किया जाएगा। वहीं रीट पेपर लीक प्रकरण में अब तक राजस्थान एसओजी ने कुल 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।