जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी राजु ईराम को पुलिस ने बीकानेर के नोखा से गिरफ्तार किया है। आरोपी राज्य के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल है। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि रीट भर्ती परीक्षा 2021 में पेपर लीक प्रकरण के वांछित आरोपियों और जिले के अन्य गम्भीर अपराधों में फरार टॉप-10 मोस्ट वांटेड बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस थाना बागोड़ा का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर, इनामी बदमाश और रीट भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने के मुख्य सरगना राजु ईराम की गिरफ्तारी के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए गए। इस पर पुलिस उसके सम्भावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इस बीच मुखबिर सूचना मिली कि कुकावास (बागोड़ा) निवासी राजु ईराम साथियों के साथ निजी वाहन से जालोर से बीकानेर की तरफ निकला है। इस पर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने टीमों का गठन कर मुख्य सरगना राजु ईराम की धरपकड़ के लिए पीछा किया। इस पर उसके साथियों सहित बीकानेर के नोखा में ठहरने की जानकारी मिली। इस पर बीकानेर पुलिस के साथ मिलकर राजू ईराम के ठहरने के स्थान को घेरकर तलाशी की गई। इसके बाद राजु ईराम, उसके साथी भीनमाल निवासी राहुल और सेवड़ी निवासी आसूराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। राजु ईराम राज्य स्तर के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल है। राजु ईराम जोधपुर रेंज स्तर पर 10 हजार रुपए का इनामी आरोपी है। राजु ईराम हार्डकोर आरोपी है, जिसके विरुद्ध अलग-अलग थानों में 36 मामले दर्ज हैं। वह रीट भर्ती परीक्षा 2021, ग्राम सेवक भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक के मामले में एसओजी राजस्थान और जिला सिरोही पुलिस का मुख्य वांछित आरोपी है। रीट पेपर लीक प्रकरण में इससे पहले भी जालोर जिले से ग्राम सेवक नरेंद्र कुमार, कथित पत्रकार बबलू मीणा, महेंद्र कुमार सहित कई आरोपियों को एसओजी और पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकांश की इस मामले में जमानत भी हो चुकी है।

0 टिप्पणियाँ