जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दावा किया कि 15 अगस्त से पहले प्रदेश में छह लाख पदाधिकारी बना देंगे। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जिला-ब्लॉक और गांवों में जाएंगे और कार्यकर्ताओं से चर्चा करके संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि 52 हजार बूथों पर 11 लोगों की कार्यकारिणी बनाएंगे। ग्राम पंचायतों में 21 लोगों की कार्यकारिणी बनाएंगे और इसके अलावा मंडल कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। कांग्रेस की दो दिवसीय कार्यशाला के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि 13 जिलों की कार्यकारिणी शीघ्र घोषित की जाएगी। कार्यकारिणी कांग्रेस चिंतन शिविर में लिए गए फैसलों के मुताबिक बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार संगठन का नया स्वरूप लोगों के सामने आएगा। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि लगातार 5 साल से एक ही पद पर काम करने वाले पदाधिकारियों का रिपीटेशन नहीं किया जाएगा और 2 पदों पर रहने वाले कार्यकर्ताओं को एक पद से इस्तीफा देना होगा। कल भी कई पदाधिकारियों के इस्तीफे हुए थे। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि 2 दिन चली कार्यशाला में 26 लोगों ने चर्चा में भाग लिया। जिनमें से 50 फ़ीसदी वो नेता है जो 50 वर्ष की आयु से कम हैं। कांग्रेस चिंतन शिविर में जो 50 फ़ीसदी युवाओं को भागीदारी देने की बात कही थी उसकी पालना सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पहले 52 हजार बूथों पर कांग्रेस के बीएलए बनाएंगे जो सरकारी बीएलओ के साथ कॉर्डिनेशन करके काम करेंगे।उन्होंने कहा कि प्रदेश के पदाधिकारी महीने में 15 दिन उनके आवंटित के जिलों में रहकर आम लोगों और संगठन को सक्रिय करने का काम करेंगे। राज्यसभा चुनाव में खरीद फरोख्त की आशंका को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने दावा किया कि हमारे पास के 126 विधायकों का समर्थन है और हम तीनों सीटें जीतेंगे, अभी कई तरह की अफवाह चलेंगे और दबाव भी होंगे लेकिन हमारे कार्यकर्ता किसी से डरता नहीं है।