कोटा/बारां-हंसपाल यादव।
बारां जिले के आदिवासी क्षेत्र के घट्टी गांव की सहरिया बस्ती में शनिवार रात को हुई एक युवक की मौत के मामले रविवार को तूल पकड़ लिया। गुस्सााए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर शव रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर समझाईश करने पहुँची कांग्रेस विधायक निर्मला सहरिया की गाड़ी में भी लोगो ने तोड़फोड़ की। गाड़ी के कांच तोड़ने की सूचना है। ड्राइवर विधायक को मौके से गाड़ी दौड़ाकर ले गया। नही तो लोग इतने आक्रोशित थे कि वे विधायक के साथ भी मारपीट कर सकते थे। वही, सैकड़ो सहरिया पुरूष एंव महिलाएं हाथों में लठ लेकर सड़क पर जमा है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार गांव के ही राम सिंह सहरिया ने शनिवार सुबह सरपंच राजाराम अहेड़ी के साथ दुव्र्यवहार कर हाथापाई का प्रयास किया था। इसकी रिपोर्ट भंवरगढ़ थाने में कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने रामसिंह को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां से शनिवार शाम को उसे जमानत मिल गई और वो घर चला गया। सुबह रामसिंह मृत पाया गया, बस इसी बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सहरिया रामसिंह की मौत पुलिस की मारपीट से हुई है। इधर थाना प्रभारी दलपत सिंह चौहान का कहना है कि जमानत के बाद रामसिंह अपने घर चला गया था। पुलिस ने उसके साथ किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं की। इधर, गांव के सहरिया महिला-पुरुष सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर रहे हैं।