जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस चिंतन शिविर में हुए फैसलों को लागू करने में नेता अब व्यवहारिकता का तर्क देकर लचीला बनाने का काम शुरू हो गया हैं। युवाओं को 50 फीसदी पद देने का प्रावधान केवल पार्टी संगठन के पदों पर ही लागू होगा। एक व्यक्ति के पांच साल से ज्यादा पद पर नहीं रहने का प्रावधान भी कांग्रेस संगठन के पदों पर ही लागू होगा।सरकार में इसके प्रावधान लागू नहीं होंगे। कांग्रेस चिंतन शिविर के फैसलों को लागू करने के लिए दिल्ली में कांग्रेस के महासचिवों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद दोनों मुद्दों पर स्थिति साफ की गई है। कांग्रेस सरकारों में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री लगातार पदों पर रह सकेंगे।उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में युवाओं को कांग्रेस संगठन में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर के पदों पर 50 फीसदी पद देने का फैसला किया है। साथ ही एक व्यक्ति संगठन के किसी पद पर पांच साल से ज्यादा नहीं रहने का प्रावधान किया है। सरकारी पदों पर दोनों ही प्रावधान लागू नहीं होंगे। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पांच साल वाली नीति केवल संगठन के लिए ही है, इस पर स्थिति बिल्कुल साफ है। माकन ने कहा कि वन पर्सन, वन पोजीशन के लिए भी आइटेंडिफाई करने के लिए हम लोगों को कहा है। जब हम स्टेट्स में जाएंगे, तो उसमें हम लोग इस चीज को देखेंगे कि इसे कैसे अनुपालना की जाए। 5 साल से ऊपर कोई भी व्यक्ति किसी भी पद पर नहीं रहेगा। इसके लिए भी हम लोग उन्हें चिन्हित करेंगे कि नीचे से ऊपर लेवल पर जो भी व्यक्ति 5 साल तक रहा है, अपनी पोस्ट के ऊपर उसको चिन्हित किया जाए ताकि वो उस पद के ऊपर आगे नहीं रह सके।माकन ने कहा कि किसी व्यक्ति के पांच साल से ज्यादा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नहीं रहने के राइडर के सवाल पर अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष इस दायरे में नहीं आते हैं। कांग्रेस संविधान में अध्यक्ष के एक बार से ज्यादा पद पर रहने से रोकने का प्रावधान नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष पर टर्म लिमिट लागू नहीं है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष पांच साल के बाद भी फिर से पद पर रह सकेंगे। माकन ने कहा कि कांग्रेस चिंतन शिविर के फैसलों को लागू करने से पहले अब व्यवहारिकता पर उन्हें लागू करने की संभावनाओं की बात चल पड़ी है। ऐसे में माना जा रहा है कि 50 साल से कम उम्र वालों को 50 फीसदी टिकट देने के प्रावधान में भी कई तरह के मुश्किलें लग सकते हैं।