जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 5वीं एवं 8वीं बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के के कारण पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनावों का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के उप चुनाव के लिए मतदान 10 मई, 2022 को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। जिला परिषद सदस्य के लिए मतगणना जिला मुख्यालय स्तर पर तथा पंचायत समिति सदस्य के लिए पंचायती समिति मुख्यालय पर 11 मई को प्रातः 9 बजे से होगी। उप प्रधान का चुनाव 12 मई, 2022 को होगा। इसी प्रकार सरपंच एवं पंच के लिए मतदान 7 मई, 2022 को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक एवं मतगणना भी इसी दिन पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात होगी। उप सरपंच का चुनाव 8 मई, 2022 को होगा।
नगरीय निकाय में रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए कार्यक्रम जारी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य के नगरीय निकायों में 31 जनवरी, 2022 तक विभिन्न कारणों से रिक्त हुए 10 जिलों की 4 नगरपरिषदों एवं 10 नगरपालिकाओं के 17 सदस्यों के रिक्त पदों पर भी उप चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी किया है। कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव के लिए लोक सूचना जारी करने की तिथि 13 मई, 2022 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्र को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 17 मई प्रातः 10ः30 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा तिथि 18 मई अभ्यर्थिता वापिस लेने की अन्तिम तिथि 20 मई अपरान्ह 3 बजे तक होगी। चुनाव चिन्ह का आवंटन 21 मई को किया जायेगा। मतदान 29 मई को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक होगा तथा मतगणना 30 मई को प्रातः 8 बजे से होगी।उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधान लागू हो गये हैं। उल्लेखनीय है कि यह उपचुनाव अजमेर जिले की किशनगढ़ नगर परिषद, अलवर जिले की भिवाड़ी नगर परिषद, तिजारा एवं किशनगढ़ बास नगरपालिका, भीलवाड़ा नगर परिषद, धौलपुर की राजाखेड़ा नगरपालिका, हनुमानगढ़ नगर परिषद एवं पीलीबंगा नगर पालिका, झुंझुनूं की बिसाऊ नगरपालिका, जोधपुर की बिलाड़ा नगरपालिका, पाली की सादड़ी नगरपालिका, श्रीगंगानगर की गजसिंहपुर एवं श्रीविजयनगर नगरपालिका तथा उदयपुर की सलूंबर नगरपालिका में रिक्त हुए पदों के लिए कराये जाने हैं।

0 टिप्पणियाँ