कोटा-हंसपाल यादव।
पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांगोद से विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने पंजाब सरकार के मंत्री की बर्खास्ती का हवाला देते हुए प्रदेश में भ्रष्ट लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्र में उन्होंने लिखा कि पंजाब सरकार ने एक भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त कर जेल भिजवाया है। यह देश में घटित एक बड़ी घटना है। जनता के बीच इसका अच्छा संदेश गया है।उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा कि प्रदेश सरकार में भी एक मंत्री अत्यंत भ्रष्ट है। मैं समय-समय पर भ्रष्टाचार के खिलाफ बोल रहा हूं।एसीबी में इस भ्रष्ट मंत्री के खिलाफ जांच विचाराधीन है। आपसे अनुरोध है कि प्राथमिकता से इसकी जांच पूरी करवाई जाए। इस विषय पर मैंने एसीबी के महानिदेशक बीएल सोनी को भी पत्र लिखा है। कांग्रेस पार्टी के मुखिया के रूप में आपसे निवेदन करता हूं कि इस भ्रष्ट मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जावे।
प्रदेश एसीबी टीम की तारीफ की।
भरत सिंह ने पत्र में लिखा समाज में फैलता भ्रष्टाचार प्रजातंत्र के लिए बड़ी चुनौती है। प्रदेश में एसीबी बहुत अच्छा कार्य कर रही है। बड़ी संख्या में भ्रष्ट अधिकारी व कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि भ्रष्ट आचरण करते पकड़े गए हैं। यह आवश्यक है कि राजनीतिक पार्टियां उन जनप्रतिनिधियों को पार्टी से बर्खास्त करें। इनको भ्रष्टाचार करते पकड़ा गया है। हाल ही में बूंदी से कांग्रेस का एक पार्षद डेढ़ लाख की रिश्वत लेते एसीबी द्वारा पकड़ा गया है। इस भ्रष्ट पार्षद को तुरंत पार्टी से बर्खास्त किया जाए।

0 टिप्पणियाँ