जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस के चिंतन शिविर में बड़े बदलाव को लेकर सिफारिशों का विरोध भी शुरू हो गया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा राजनीति में उम्र की जगह नहीं है। युवाओं को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा था कि पार्टी ने कांग्रेस के नेताओं को बहुत कुछ दिया है, अब उन्हें पार्टी के लिए सोचना होगा। संगठन के लिए काम करना होगा। वहीं दूसरी ओर गहलोत सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री खाचरियावास सोनिया गांधी की सोच के पक्ष में नहीं है उन्होंने कहा राजनीति में मेरी सोच अलग है। युवा लोगों को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि हम ही फिट हैं या हम ही अच्छा काम कर सकते हैं।  वरिष्ठता, अनुभव और उम्र भी बहुत कुछ सिखाती है। इस देश में प्रधानमंत्री की कितनी उम्र है आप और हम जानते हैं। उम्र की बात करना अपनी कमजोरी को छिपाना है।खाचरियावास ने कहा राजनीति एक खुला मंच है। कांग्रेस हो या भाजपा, जो डिजर्व करेगा वो आएगा। जिसमें दम होगा वो धरती फाड़ कर या दीवार तोड़कर आ जाएगा। आज अगर कांग्रेस या भाजपा में कोई शक्तिशाली नेता है। उसे इसलिए रोक दोगे कि वह किसी राजनीतिक परिवार से आता है तो कल दिक्कत खड़ी हो जाएगी। राजनीति में जिताऊ और टिकाऊ दो बातें महत्वपूर्ण हैं। जो नेता आम लोगों में प्रभाव रखता है और लोग उसे पसंद करते हैं जो जनता के बीच खड़े होकर खून पसीना बहा सकता हो। काम कर सकता हो। उसको आगे आना चाहिए। जब पार्टियां जनता की पसंद को समझेंगी। उम्र को महत्व नहीं देकर ये महसूस करेंगी कि जनता में इस नेता की आवाज है। तो रिजल्ट मिलेगा। वरना हम जनता की आवाज नहीं समझेंगे तो रिजल्ट नहीं दे पाएंगे।