उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर के टाउन हॉल में हुए महिला समृद्धि बैंक के कार्यक्रम में मेवाड़ी पाग (पगड़ी) पहनने से मना कर दिया।कटारिया ने कहा कि मैंने लम्बे समय से सार्वजनिक कार्यक्रम में शॉल और पगड़ी लेना बंद कर दिया। अब इन्हें कौन समझाए। इन चीजों पर जबरदस्ती खर्चा होता है। इसलिए ये परम्परा बंद की है। हाल ही में हीरामुनी के यहां दर्शन करने गया था। वहां भी पहनाने लगे तो मैंने कहा कि मैं इसे छोड़ रहा हूं। अब किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शॉल या पगड़ी नहीं पहनूंगा। ये इनका काम विरोध करना है ये करेंगे। हम अपना काम कर रहे हैं। मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के केंद्रीय महामंत्री तनवीर सिंह कृष्णावत ने प्रतिक्रिया देते हुए कटारिया को मानसिक विक्षिप्त बता दिया। तनवीर हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कटारिया के मन में मेवाड़ के प्रति कोई प्रेम नहीं है। पहले भी महाराणा प्रताप का अपमान कर चुके हैं। अब मेवाड़ की पाग का भी अपमान कर दिया है। कटारिया को पता नहीं है। मेवाड़ी पाग के मान सम्मान के लिए हजारों मेवाड़ वासियों ने अपना सिर कटा दिया था।कटारिया इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। कटारिया का मंच पर सम्मान हो रहा था। सम्मान के लिए शॉल और मेवाड़ी पाग लाई गई। मगर कटारिया ने मेवाड़ी पाग पहनने से इनकार कर दिया। बाद में उन्हें सिर्फ शॉल ओढ़ाया गया। इस पर कृष्णावत ने कटारिया को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि मेवाड़ी पाग का अपमान किसी हाल में नहीं सहेंगे। जिस प्रकार कटारिया ने मेवाड़ी पाग का अपमान किया है। उन्हें भी उसी तरह अपमानित होना पड़ेगा।