उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मोहनलाल सुखाडि़या विवि के कुलपति प्रो अमेरिका सिंह को दस्तावेजों की जांच के लिए संभागीय आयुक्त और जांच कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र भट्ट ने 4 मई को उनके शैक्षणिक, योग्यता व अनुभव के दस्तावेजों सहित व्यक्तिश: उपस्थित होने के लिए पत्र भेजा है। दूसरी ओर कुलपति प्रो सिंह फिलहाल उदयपुर से बाहर है, और वे 4 को कमेटी के सामने उपस्थित होने में असमर्थता जता रहे हैं, उनका कहना है वह बीमार हैं और 4 मई को उन्होंने डॉक्टर को दिखाने के लिए अपाइन्टमेंट ले रखा है।सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह ने बताया कि मैं 4 मई को उदयपुर नहीं आ पाऊंगा। मैंने उसी दिन डॉक्टर नरेश त्रेहान से अपाइन्टमेंट ले रखा है। मुझे मेडिकल लीव की स्वीकृति राजभवन से मिली है। मैं कमेटी को अपने दस्तावेज भेज दूंगा, बाद में उदयपुर पहुंचते ही कमेटी के समक्ष उपिस्थत हो जाऊंगा।कुलपति का कार्यभार सोमवार कोआर्ट्स कॉलेज डीन प्रो सीआर सुथार का दिया है। इससे पहले कुलपति के 19 अप्रेल से अवकाश पर जाने के बाद कार्यभार संस्कृत के प्रो नीरज शर्मा संभाल रहे थे। प्रो सिंह ने राज्यपाल को भेजे पत्र में सुथार को इसका कार्यभार देने का हवाला दिया है। रजिस्टार सीआर देवासी ने राज्यपाल को 27 अप्रेल को पत्र लिखकर कुलपति के कार्यभार को लेकर मार्गदर्शन मांगा है, उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि कुलपति के अवकाश पर होने व अन्य किसी के पास कार्यभार होने की जानकारी नहीं है। देवासी ने बताया कि ऐसे में यहां से परीक्षा संबधित कार्य अटके हुए हैं, तो अभी तक प्रो जीएस राठौड़ को चार्जशीट भी नहीं दी जा सकी है।गौरतलब है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कुलपति प्रो सिंह की शैक्षणिक योग्यता को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने उनकी ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों को फर्जी तक बता दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने उनकी योग्यता से जुडे़ दस्तावेजों की जांच के लिए संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था। कमेटी में हरिदेव जोशी पत्रकारिता व जनसंचार विवि जयपुर के कुलसचिव अबू सूफियान, तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव डा मनीष गुप्ता व आरएनटी मेडिकल कॉलेज के वित्तीय सलाहकार संजयसिंह सदस्य हैं।कमेटी ने कुलपति से इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लखनऊ से जारी अनुभव प्रमाण पत्र, ऑफिस ऑर्डर, उनसे सम्बंधित निजी पत्रावली या सेवा पुस्तिका, अमेरिका सिंह की प्रोफेसर पद पर नियुक्ति सम्बंधी आदेश, सेवानिवृति के आदेश और यूनिवर्सिटी के सक्षम निर्णय की स्वीकृति की प्रति और दोबारा सेवा में नियुक्त किए जाने सम्बंधी आदेश की कॉपियों सहित अन्य दस्तावेज मांगे हैं।कुलपति प्रो. सिंह के खिलाफ बहुचर्चित सीकर की गुरुकुल यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में सरकार पहले ही जयपुर के अशोक नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवा चुकी है। इस मामले में सुविवि के सांइस कॉलेज डीन प्रो जीएस राठौड़ को निलम्बित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि गुरुकुल मामले में कुलपति प्रो सिंह संयोजक थे, तो राठौड़ उस कमेटी में सदस्य थे। उनके साथ ही इस मामले में राजस्थान विवि जयपुर के प्रो जयन्तसिंह व अलवर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ विजय बेनीवाल को भी निलम्बित किया जा चुका है।