बारां-हंसपाल यादव।
भाजपा के प्रदेश व्यापी आह्वान पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की विफलताओं एवं बढ़ती आपराधिक घटनाओं तथा भ्रष्टाचार आदि विफल नीतियों खिलाफ 31 मई मंगलवार को जिला भाजपा द्वारा व्यापक स्तर पर जन आक्रोश रैली का आयोजन किया जाकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा मीडिया विभाग के जिला प्रमुख राजेंद्र शर्मा एवं शहर प्रवक्ता सचिन सनाढ्य ने बताया कि रैली की रणनीति के संदर्भ में रविवार अपराहन सांसद कार्यालय पर जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा की अध्यक्षता में एक बैठक आहूत की गई। इसमें वरिष्ठ नेता चंद्रप्रकाश विजय एवं पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, पूर्व चेयरमैन रामस्वरूप यादव, जिला महामंत्री हरगोविंद जैन, जिला उपाध्यक्ष राकेश जैन, निर्मल माथोड़िया, गोविंद सिंह चौहान, जिला मंत्री ओम सुमन व रोहित नंदवाना, युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश केरवालिया, जिला परिषद सदस्य ऋतिक सुमन सहित आदि पदाधिकारियों की उपस्थिति में विचार विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष मीणा ने बताया कि मंगलवार 31 मई दोपहर 12:00 बजे जिले भर के कार्यकर्ता शहर के कोटा रोड स्थित हिंगलाज माता के मंदिर परिसर में एकत्रित होंगे इसके पश्चात लगभग 12:30 बजे यहां से व्यापक रैली के रूप में मिनी सचिवालय तक पहुंचेंगे। रैली को कोटा विधायक एवं जिला संगठन प्रभारी संदीप शर्मा सहित इत्यादि पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।तत्पश्चात गहलोत सरकार की विफल नीतियों एवं जिला मुख्यालय सहित जिले भर में व्याप्त समस्याओं के निस्तारण के संदर्भ में ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन में किसानों को खरीफ फसल 2021 का मुआवजा एवं तुरंत प्रभाव से फसल बीमा के भुगतान, 2019 बीमा का बकाया भुगतान, किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने एवं बढ़ती दुर्घटनाओं पर रोकथाम हेतु कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार से किसानों को प्रवेश दिए जाने, चने की एमएसपी खरीद हेतु अधिकाधिक कांटे लगाए जाने और अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन किए जाने, जिला मुख्यालय सहित जिले भर में बिगड़ती कानून व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से ठीक किए जाने एवं आए दिन चाकूबाजी, मारपीट, चोरी ,बलात्कार, हत्याओं की बढ़ती घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से रोकथाम, आपराधिक मार्गो एवं चौराहों तथा चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में गश्त की व्यवस्था एवं गांजा ,चरस ,अफीम सहित इत्यादि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त एवं सेवन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, खुलेआम हो रहे सट्टे -जुएं के अवैध कारोबार के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाने, जिले में अव्यवस्थित बिजली ,पानी व जर्जर सड़कों सहित आदि मूलभूत समस्याओं को तत्काल प्रभाव से सुधार किए जाने, वर्षा पूर्व ही बाढ़ की आशंका को मध्य नजर रखते हुए गंदगी से अटे पड़े नाले नालियों की त्वरित गति से सफाई करवाई जाए , शहर के झालावाड रोड स्थित तेल फैक्ट्री रेलवे फाटक पर आर ओ बी का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाया जाए ताकि उस क्षेत्र में रहने वाले लगभग 30 हजार नागरिकों को सुलभ एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके एवं शिथिल पड़े परवन वृहद सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य को त्वरित गति से क्रियान्वित करवाया जाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएं। ताकि किसानों को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके इसके अलावा बारां -अटरू सड़क मार्ग का निर्माण शीघ्र करवाया जाए।

0 टिप्पणियाँ