जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिनोंदिन महंगे होते जा रहे सोने के भाव ने इसकी तस्करी में भी इजाफा कर दिया है। खाड़ी देशों में सोने के दाम कम होने पर वहां से अन्यत्र देशों में तस्करी करने के मामले बढ़ रहे हैं। राजधानी जयपुर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कस्टम अधिकारी अलग-अलग तरीकों से तस्करी कर लाए गए सोने को पकड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार को भी सामने आया, जब मस्कट से आए एक यात्री के सामान की एक्स रे मशीन द्वारा चेकिंग की गई तो उसके बैग में एक प्रेस मिली। कस्टम अधिकारियों ने उसकी गहनता से जांच की तो पाया गया कि उसकी प्रेशर प्लेट में सोना है, जिस पर स्टील की परत चढ़ाई हुई थी। अधिकारियों ने सोने का वजन 2 किलो 331 ग्राम बताया है, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ 22 लाख रुपया आंकी गई है। सोने की प्लेट को विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

0 टिप्पणियाँ