जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे 19 से 21 मई तक भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। बैठक में शामिल होने के लिए 19 मई को नड्डा शाम 4 बजे राजधानी जयपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से लेकर कूकस स्थित होटल तक पूरे मार्ग में नड्डा का स्वागत किया जाएगा। नड्डा के स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा मुख्यालय में बैठक का आयोजन हुआ। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ भी शामिल हुए। चुघ ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा शाम 4 जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे । यहां से लेकर कूकस (आमेर) कार्यक्रम स्थल तक 75 स्वागत गेट बनाए जाएंगे, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाएं प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा जवाहर सर्किल, गांधी सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, खोले के हनुमानजी मंदिर और कुंडा चौराहा पर राजस्थानी संस्कृति से नड्डा का स्वागत किया जाएगा।
 भाजपा के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों का राजस्थानी संस्कृति से स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा और राष्ट्रीय पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें भाजपा की विकास यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। मीडिया सेल के हेड पंकज जोशी ने बताया कि बैठक में भाग लेने 19 मई को दोपहर 4 बजे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर पहुंचेंगे। शाम 6 बजे नड्डा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 20 मई को भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक को संबोधित करेंगे, जो आमेर कुंडा स्थित होटल लीला में होगी । साथ ही नड्डा 20 मई को शाम 7:00 बजे भारतीय जनसंघ के संस्थापक सुंदर सिंह भंडारी पुस्तक का विमोचन करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी भी इस सत्र में शामिल होंगे। मीडिया प्रभारी पंकज जोशी ने बताया कि 21 मई को भाजपा के संगठन महामंत्रियों की बैठक होगी। इसमें 20 के करीब संगठन महामंत्री ही शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का जयपुर में एक संवाद कार्यकम भी होगा। इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, इंडस्ट्रियलिस्ट, एडवोकेट, बिजनेसमैन, पूर्व सैनिक सहित आदि वर्ग के लोग शामिल होंगे।