जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रीट परीक्षा में पेपर वायरल होने का मामला अभी तक शांत भी नहीं हुआ था कि राजस्थान कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर के स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। जयपुर के झोटवाड़ा स्थित परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम से पेपर लीक होने की बात सामने आई है। जिसकी पुष्टि खुद पुलिस विभाग के मुखिया एमएल लाठर ने की है। दरअसल झोटवाड़ा के एक निजी स्कूल में 14 मई को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की दूसरी पारी का प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसके बाद 14 मई द्वितीय पारी कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। एसओजी की ओर से पेपर लीक कांड में 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जयपुर के दिवाकर पब्लिक स्कूल के केंद्र अधीक्षक की ओर से पेपर लीक होने की जानकारी सामने आई है। समय से पूर्व पेपर को खोले जाने के कारण पेपर को आउट माना गया है। 14 मई को द्वितीय पारी में करीब 2.75 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। अब 14 मई को द्वितीय पारी की परीक्षा निरस्त करके परीक्षा वापस करवाई जाएगी। इधर राजस्थान पुलिस डीजीपी एमएल लाठर के मुताबिक 14 मई की दोपहर बाद की कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा निरस्त की गई। परीक्षा की नवीन तिथि के संबंध में अलग से अवगत कराया जाएगा। झोटवाड़ा के एक निजी स्कूल में स्क्रीन शॉट वायरल होने के बाद एसओजी एक्शन में आई और एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ खुद मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल शुरु की। एसओजी ने मामला सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ के मुताबिक मामले में 9 लोगों को चिन्हित किया गया है। एसओजी आठ लोगों से पूछताछ कर रही है कि आखिर किस तरह से पेपर बाहर आया।

0 टिप्पणियाँ