डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम पहुंचे,जहां वाल्मीकि मंदिर में उन्होंने पूजा अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। इसके बाद राहुल गांधी और सीएम गहलोत ने बेणेश्वर धाम में 132 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बेणेश्वर धाम पहुंचे। यहां वाल्मिकी मंदिर के पीछे की ओर बनाए गए हैलीपेड पर मंत्री अर्जुन बामनिया, पूर्व प्रधान महेंद्रसिंह बरजोड समेत कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।इसके बाद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सबसे पहले बेणेश्वर धाम पर वाल्मिकी मंदिर पहुंचे। कांग्रेस नेता गौरव यादव समेत कई लोगों ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। राहुल गांधी और अशोक गहलोत ने वाल्मिकी मंदिर में दर्शन किए। सेवादार बसंतलाल मीणा ने पूजा अर्चना करवाई। इसके बाद वे बेणेश्वर धाम शिवालय पहुंचे। मंदिर में दर्शन, पूजा अर्चना करने के बाद राधा कृष्ण मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन और पूजा के बाद महंत अच्युतानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके बाद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संत मावजी महाराज के संग्रहालय का अवलोकन किया। महंत से संत मावजी महाराज के लिखे चौपड़ा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुल का शिलान्यास किया।