जयपुर /नागौर ब्यूरो रिपोर्ट।
नागौर जिले की डीडवाना विधानसभा सीट इस बार फिर सुर्खियों में है। यहां से BJP के लिए चुनाव जीत कर कद्दावर नेता युनूस खान वसुंधरा राजे सरकार के दोनों कार्यकाल में मंत्री बने थे। पिछली बार पार्टी ने उनकी ये सीट बदल दी गई थी और उन्हें टोंक से सचिन पायलट के खिलाफ चुनाव लड़वाया गया था। नतीजे में BJP डीडवाना और टोंक दोनों ही जगह बुरी तरह हार गई। इसके बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री खान वापस डीडवाना में एक्टिव हो गए। हालांकि पार्टी कार्यक्रमों से उनकी दूरी बनी हुई थी।
अब बुधवार को इसी सीट पर बड़ा जनाधार रखने वाले और दो बार MLA चुनाव लड़ चुके श्यामप्रताप सिंह रुंवा को BJP में शामिल किया गया है। उन्होंने डीडवाना से एक बार बसपा और एक बार निर्दलीय चुनाव लड़ा था। BJP स्टेट ऑफिस में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। बुधवार को दफर में अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ श्यामप्रताप सिंह रुंवा बीजेपी में शामिल हुए। इस दौरान BJP प्रदेश कार्यालय का सभागार खचाखच भरा रहा। वहां समारोह पूर्वक उन्हें पार्टी में शामिल किया गया।ऐसे में अब एक बार फिर पूर्व कैबिनेट मंत्री खान की पार्टी के भीतर ही मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि डीडवाना से अब BJP की तरफ से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए श्याम प्रताप सिंह भी दावेदारी पेश करेंगे। इधर वसुंधरा राजे के सबसे मजबूत सिपहसालार पूर्व मंत्री खान की पार्टी गुटबाजी के चलते इन दिनों संगठन से भी पटरी बैठ नहीं पा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, नागौर जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, नागौर जिला प्रभारी वासुदेव चावला, नागौर जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्यामप्रताप सिंह का स्वागत किया। यूथ कांग्रेस के डीडवाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह जोधा ने भी आज भाजपा का दामन थाम लिया है।




0 टिप्पणियाँ