अजमेर ब्यूरो रिपोर।
करौली के बाद अजमेर के ब्यावर में मामूली बात को लेकर दो समुदायों के बीच टकराव पैदा हो गया। ब्यावर की स्थानीय सब्जी मंडी में रविवार सुबह बीच सड़क पर खड़ी बाइक को लेकर विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई।
ये था घटनाक्रम।
ब्यावर की उदयपुर रोड स्थित सब्जी मंडी में मृतक सब्जी का व्यापार करता था। रविवार सुबह उसके बेटे की बाइक दुकान के बाहर पार्क थी। इस दौरान पास की दुकान में आई सब्जी से भरी जीप बाइक से टकरा गई। इस मामूली बात को लेकर पड़ोसी व्यापारी और मृतक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में बाइक खड़ी करने वाले की मौत हो गई और उसके 28 और 17 साल के दो बेटे घायल हो गए।
हत्या की वजह से शहर में तनाव की स्थिति बन गई। जिस वजह से अजमेर एसपी विकास शर्मा भी ब्यावर पहुंच गए हैं। वहीं, सहायक पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा गश्त कर रहे हैं। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल को पुलिस छावनी बना दिया गया है। सिटी थानाधिकारी संजय शर्मा व सदर थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह जोधा के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस टीम को तैनात किया गया है। घटना को लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। इसमें एक व्यक्ति की मौत और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाएगी।

0 टिप्पणियाँ