पुलिस ने बुधवार को जिले के राजियासर इलाके में हथियारों की अवैध फैक्ट्री पकड़ी । पुलिस को यहां अवैध रूप से पिस्तौल और अन्य हथियार बनाने की सूचना मिली थी। इस पर टीम को साथ लेकर दबिश दी तो मौके पर एक आदमी हथियार बनाते मिला। उससे कई पिस्तौल और कारतूस तथा अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गांव कानौर में हथियार बनने की मिली थी जानकारी
पुलिस को मुखबिर के जरिए गांव कानौर में अवैध हथियार बनाने की जानकारी मिली। इस पर राजियासर एसएचओ पवनकुमार ने नेतृत्व में टीम रवाना हुई। मिली सूचना के आधार पर गांव कानौर में दबिश दी तो कृष्ण कुमार पुत्र लालचंद हथियार बनाते मिला। उसके पास से एक बारह बोर का देशी पिस्तौल,एक बारह बोर की देशी बंदूक, एक टोपीदार देशी पिस्तौल, 325 बोर का एक जिंदा कारतूस, बारह बोर का एक खाली खोखा, बारह बोर के लोहे के आठ खोखे, काले रंग के पट्टे में लोहे की छोटी पाइप,एक स्प्रिंग, दो लोहे के आधे बने हथियारों के पुर्जे और बारह बोर का खाली कारतूस बरामद हुआ।
सोशल मीडिया से सीखा हथियार बनाना
आरोपी कृष्ण कुमार ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वह वैल्डिंग का काम करता था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया पर हथियार बनाना सीखना शुरू कर दिया। सीखने के बाद वह हथियार बनाने लगा। एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि राजियासर थाना क्षेत्र में हथियारों के साथ एक आदमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ