श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार एवं जनभावना के अनुरूप जिला स्तरीय जनसुनवाई और जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती कमला अलारिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी रूम में हुई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जन सुनवाई करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्यों के लिए परिवादियों को परेशान ना होना पड़े, ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने परिवादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल 181 के लम्बित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए इनके निस्तारण की आवश्यकता जताते हुए कहा कि सभी विभागों के अधिकारी प्रत्येक परिवादी को राहत देना सुनिश्चित करें। सतर्कता समिति की बैठक में पेंशन, गंदे पानी की निकासी, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, वृद्ध महिला के भरण-पोषण और सूरतगढ़ में रास्ता विवाद के प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को राहत देने का प्रयास किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन  भवानी सिंह पवार ने सभी ब्लॉक लेवल अधिकारियों को 15-17 आयु वर्ग में वैक्सीनेशन बढ़ाने, इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने, रोजगार विभाग से संबंधित योजना में निर्माण श्रमिकों को चिन्हित करते हुए उनका भौतिक सत्यापन करने तथा इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडिशनल एसपी जय सिंह तंवर, एसडीएम उम्मेदसिंह रतनू, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी  मुकेश बारेठ, नगर परिषद आयुक्त  सचिन यादव, यूआईटी सचिव डॉ. हरितिमा,  हंसराज यादव, श्रीमती प्रतिष्ठा पिलानिया,  ऋषभ जैन,  पवन यादव,  सीबी गुप्ता, डॉ. रामवीर शर्मा,  गिर्राज प्रसाद मीणा और विजय कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। वीसी में एसडीएम एवं उपखंड स्तर के अधिकारी ब्लॉक वीसी कक्ष से जुडे।