रमजान में बिजली कटौती नहीं करने के आदेश पर हुए विवाद और फिर करेक्शन निकाले जाने के बाद अब ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी ने बीजेपी पर पलटवार किया है। ऊर्जा मंत्री भवंर सिंह भाटी ने कहा कि रमजान ही नहीं, होली, दीपावली, नवरात्रा, शिवरात्रि, धार्मिक मेलों, शोभायात्राओं में भी बिजली विभाग बिना रुकावट बिजली सप्लाई सुनिश्चित करता है। जब से हमारी सरकार ने बजट में 100 यूनिट उपभोग पर 50 यूनिट तक फ्री बिजली, दिन में कृषि बिजली, 8 साल के पेंडिंग कनेक्शनों को 2 साल में उपलब्ध करवाने जैसी घोषणाएं की हैं तब से भाजपा और पूरा विपक्ष बौखलाया हुआ है। ये बार-बार बिजली को लेकर झूठ फैलाते हैं जिससे जनता में भ्रम की स्थिति बने लेकिन ये सफल नहीं हो पा रहे हैं।
भाटी ने कहा- बिजली विभाग अति आवश्यक सेवाओं वाला विभाग है। हमारे बिजली कर्मचारी हर मौसम, हर त्यौहार एवं कोरोना महामारी तक के समय अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं जिससे आम लोगों को अधिक से अधिक समय बिजली उपलब्ध करवाई जा सके। त्यौहारों जैसे होली, दीपावली, ईद, प्रकाश पर्व, क्रिसमस, नववर्ष आदि से कई दिनों पूर्व ही विभाग पूरी तैयारियां करता है कि इन खास मौकों पर बिजली आपूर्ति में कोई परेशानी ना आए, यदि कोई तकनीकी परेशानी आए तो उसे जल्द से जल्द दूर किया जा सके।
रमजान ही नहीं हर पर्व पर निकलता है आदेश
भाटी ने कहा- जब भी बिजली विभाग को किसी भी समूह, चाहे वो सामाजिक समूह हो या धार्मिक समूह हो उनका किसी विशेष आयोजन के कारण निर्बाध सप्लाई करने का निवेदन आता है तो बिजली विभाग उस निवेदन का परीक्षण कर इसके संबंध में निर्देश जारी करता है। नवरात्रा, खाटूश्याम जी मेला, जीणमाता मेला, गणेश विसर्जन, महाशिवरात्रि, फुलडोल महोत्सव, चेटीचण्ड शोभायात्रा, महावीर जयंती समेत तमाम धार्मिक आयोजनों के मौकों पर भी ऐसे निर्देश जारी किए जाते हैं। ऐसा ही एक निवेदन रमजान माह में बिजली आपूर्ति के संबंध में मिला था,जिस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आदेश निकाला और रमजान माह में रोजेदारों की सहूलियत के लिए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह एक सामान्य आदेश था जिसको भाजपा एवं मीडिया के एक तबके ने सांप्रदायिक रंग दिया। जबकि में भी विभाग द्वारा दीपावली, नवरात्रा समेत अन्य त्यौहारों, धार्मिक मेलों व किसी सामाजिक समूह से प्राप्त निवेदनों पर आदेश निकालते रहे हैं।
सामान्य आदेश को सांप्रदायिक रंग दिया
भाटी ने कहा- एक सामान्य निर्देश को सांप्रदायिक रंग देकर विपक्ष के लोग न केवल बिजली विभाग के कर्मचारियों पर प्रश्न चिह्न लगा रहे हैं बल्कि एक हिंसक माहौल तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे कतई उचित नहीं ठहराया जा सकता है। भाजपा का यह कृत्य निंदनीय है। ऊर्जा विभाग का मंत्री होने के नाते मैं विभाग की ओर से ऐसे कृत्यों की घोर निंदा करता हूं और जनता से अपील करता हूं कि ऐसे झूठे प्रचार में ना फंसें। जैसे-जैसे चुनाव पास में आएंगे वैस-वैसे भाजपा और इनके सहयोगी ऐसा दुष्प्रचार कर माहौल खराब करने का प्रयास करेंगे इसलिए आमजन भी सतर्क रहें और समाज में दरार पैदा करने के इन प्रयासों को विफल करें।



0 टिप्पणियाँ