जयपुर।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा है कि केन्द्र की भाजपा सरकार विकास और बढ़ती महंगाई को लेकर कोई बात नहीं कर रही। वो सिर्फ ध्रुवीकरण और भावनात्मक मुद्दों के बल पर चुनाव जीतने की कोशिश में रहते हैं। आज कमरतोड़ महंगाई से मोदी सरकार का कोई लेना देना नहीं है। आमजन, किसान सहित हर वर्ग की जेब पर केन्द्र सरकार डाका डाल रही है। किसानों ने केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन किया तो कानून तो वापस ले लिए, लेकिन अब खाद के भाव बढ़ाकर उनसे बदला लिया जा रहा है।
कांग्रेस के देशभर में चल रहे महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत पाण्डे शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब हो रहे थे। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा भी मौजूद थे। पाण्डे ने कहा कि आज बढ़ती महंगाई से लोगों को जीवन यापन करना दूभर हो गया है। पांच में से चार राज्यों में भाजपा की जीत सेकैसा हूं लग रहा है, जैसे केन्द्र सरकार को महंगाई बढ़ाने का लाइसेंस मिल गया हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए महंगाई के खिलाफ देशभर में आंदोलन जारी रखेगी और जनता की पीड़ा सामने लाते रहेंगे। गत 13 दिनों में ही ऐसा कोई सेक्टर नहीं रहा, जहां महंगाई नहीं बढ़ी हो। नए साल में केन्द्र सरकार ने 125 लाख करोड़ के कर्ज का जनता पर भार डाल दिया है। आज पेट्रोल, डीजल, एलपीजी सिलेण्डर, पीएनजी, सीएनजी, दवा, सीमेंट, लोहा और टोलटैक्स सहित सभी की कीतमों में वृद्धि की गई है। लोगों के जो बुढ़ापे का सहारा है पीपीएफ उसमें भी ब्याज कम कर दिया गया है। इसी प्रकार होमलोन पर ब्याज बढ़ी है। जबकि केन्द्र की पिछली यूपीए सरकार ने मंदी के दौर में भी जनता पर कोई भार नहीं डाला था।
करौली हिंसा मामले को लेकर भाजपा के दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस को लेकर पाण्डे ने कहा कि हम पहले ही कह रहे हैं कि वे सिर्फ ध्रुवीकरण की राजनीति करना जानते हैं। महंगाई की बात नहीं करेंगे। इसका नजारा वे उत्तराखण्ड चुनाव में हाल ही देख भी चुके हैं, जहां भाजपा ने तीन सीएम बदले, लेकिन फिर भी ध्रुवीकरण कर जीत गए। राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर टैक्स होने के मामले में कहा कि केन्द्र से राज्य को अन्य राज्यों के मुकाबले कहां कितनी मदद मिल रही है। इस सब को देखना पड़ेगा। झारखण्ड को लेकर कहा कि वहां हमारी गठबंधन सरकार बेहतर चल रही है। भाजपा के बहकावे में कोई विधायक आने वाला नहीं है।

0 टिप्पणियाँ