चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी
चित्तौडग़ढ़ मे भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से राजस्थान में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर महिलाओं और बालिकाओं के अत्याचारों और दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में सांसद दीया कुमारी और प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा अलका मूंदड़ा के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन किया गया। वही इस प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि इस प्रदर्शन के लिए बनाए गए बैनर और पोस्टर से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को दरकिनार कर दिया गया।
चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर सोमवार को प्रदेश में बढ़ रहे महिला अत्याचारों के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश स्तर का हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें राजसमंद सांसद और प्रभारी दीया कुमारी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें चित्तौड़ दुर्ग के प्रथम द्वार पाडन पोल से एक रैली का आयोजन किया गया जो कि विभिन्न मार्गो से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचे जहां पर मानव श्रृंखला बनाकर और कांग्रेस का पुतला दहन कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस अवसर पर राजसमंद सांसद और प्रभारी दीया कुमारी ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति धरातल पर है और पिछले साढे 3 सालों में महिलाओं और बालिकाओं के साथ अत्याचार बढ़ने की घटनाएं बढ़ी है। साथ ही उनके साथ दुष्कर्म की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही है जिसका ताजा उदाहरण चित्तौड़गढ़ के बस्सी क्षेत्र में एक 3 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है जोकि शर्मसार करने वाली घटना है। वही प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा अलका मूंदड़ा ने कहा कि बस्सी की घटनाओं को प्रशासन द्वारा दबाने का प्रयास किया गया और स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह द्वारा हस्तक्षेप करने के बाद इस मामले में कार्यवाही की गई जो कि यह दर्शाता है कि सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है।
इस रैली में बनाए गए हार्डिंग पोस्टर से भाजपा के कद्दावर महिला नेता पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया का फोटो गायब मिला जबकि इस बैनर में पीएम नरेंद्र मोदी,प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया,नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा, राजसमंद सांसद और प्रभारी दीया कुमारी के फोटो साफ तौर पर देखे जा सकते थे, इसके बारे में प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने बताया कि वसुंधरा राजे सभी की सर्वमान्य और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होने के साथ बड़ी नेता है हमने किसी को भी हटाया नहीं है वही राजसमंद सांसद और प्रभारी दीया कुमारी ने कहा कि इस समय सिर्फ इसी मुद्दे पर बात की जाए दूसरे मुद्दों पर कोई बात नहीं की जाएगी l

0 टिप्पणियाँ