धौलपुर-मुनेश धाकरे।
धौलपुर जिले के सैंपऊ उपखंड के भरतपुर मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को बीते दिन एक बदमाश ने निशाना बनाया है। बदमाश कटर मशीन से एटीएम को काटकर डेढ़ घंटे तक जद्दोजहद करता रहा। लेकिन बदमाश को निराशा हाथ लगी। घटना पूरी सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। दरसअल एक बदमाश जिसकी पीठ पर बैग भी लटका हुआ है, सैपऊ उपखण्ड के भरतपुर मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के पास पहुंच गया। बदमाश ने एटीएम के पास पहुंचकर पहले फ्रंट लाइट को ऑफ किया।
 बैंक के बगल से कटर मशीन का विद्युत केबिल से कनेक्शन कर एटीएम रूम के ताले को कटर से काट दिया। बदमाश 6 सेकंड के अंतर्गत फुर्ती से एटीएम के अंदर घुस गया। इसके बाद अंदर घुसकर शटर को बंद कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक एटीएम रूम में कटर मशीन से एटीएम को काटने जद्दोजहद करता रहा। लेकिन बदमाश को कामयाबी नहीं मिल सकी। इस दौरान दो मर्तबा पुलिस की गश्त गाड़ी भी निकल गई। बदमाश को सफलता नहीं मिलने पर रात एक बजकर 36 मिनट पर एटीएम से बाहर निकल गया। इसके बाद नहर के रास्ते से फरार हो गया। सुबह उपभोक्ता जैसे ही एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे तो भौचक्के रह गए। एटीएम मशीन पूरी तरह से टूटी हुई मिली। उपभोक्ताओं ने घटना की सूचना बैंक प्रबंधन को दी गई। मौके पर पहुंचे बैंक के अधिकारियों ने जायजा लेकर घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचे सैपऊ थाना एसएचओ परमजीत सिंह पटेल ने सीसीटीवी फुटेज निकालकर बदमाश की तलाश शुरू कर दी हैं। गनीमत यह रही कि एटीएम मशीन के अंदर रखे करीब बीस लाख रूपये पूरी तरह से सुरक्षित बच गए। फिलहाल घटना से कस्बे में हड़कंप देखा जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश में जुट गई हैं।