सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर में बुधवार को कोविड स्वास्थ्य सहायकों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । अपनी मांगों को लेकर कोविड स्वास्थ्य सहायकों ने मेगा हाइवे भी कुछ देर के लिये जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित रहा। बाद में मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा। कोविड स्वास्थ्य सहायकों ने ज्ञापन में बताया कि सितम्बर 2021 को कोविड स्वास्थ्य सहायकों ने कार्यग्रहण किया था। इसके बाद राज्य सरकार ने 31 मार्च को कार्यकाल पूर्ण होना बताते हुए उन्हें हटा दिया। सरकार ने गत छह माह का कोविड स्वास्थ्य सहायकों को वेतन भी नहीं दिया। कोविड स्वास्थ्य सहायक गत 27 दिन से अपनी मांगों को लेकर जयपुर में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। कोविड सहायकों ने कोरोना संक्रमण काल में अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी सेवाएं दी। अब राज्य सरकार की मनमानी से कोविड स्वास्थ्य सहायक बैरोजगार हो गए। कोविड स्वास्थ्य सहायकों ने नर्सिंग संवर्ग में शामिल करते हुए संविदा कैडर 2022 में शामिल करने, 1 अप्रेल 2022 से सेवाएं नियमित मानने तथा योग्यतानुसार वेतन देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।