उदयपुर-भगवान प्रजापत।
उदयपुर के जयसमंद पंचायत समिति की झाड़ोल ग्राम पंचायत की सरपंच बसंती देवी के पति गोविंद मीणा पर शनिवार को जानलेवा हमला हो गया। सरपंच पति सुबह घर से बाइक लेकर निकला था। इस दौरान गांव के बीचों-बीच सरपंच पति को घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सरपंच पति पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सरपंच पति गोविंद के बाहों और जांघों पर चाकू से हमला हुआ। हमले के दौरान चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े। इससे हमलावर मौके से भाग गए। इधर सूचना मिलने के बाद सराडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
हैलमेट पहना होने से बच गई जान।
गोविंद मीणा झाड़ोल में ही जेईएन है। गनीमत रही कि उसने हेलमेट पहना था। जिसके चलते उसका सिर और गले का हिस्सा सुरक्षित बच गया। सरपंच पति को घायल अवस्था में आसपास के लोगों ने सीएचसी झाड़ोल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रैफर कर दिया गया।
सरपंच के घर के आसपास जाब्ता तैनात।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद सराडा थाना पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर सरपंच के घर के आसपास पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। सूत्रों की माने तो इस घटना में किसी रिटायर्ड शिक्षक का हाथ हो सकता है लेकिन इस बात की किसी ने भी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घायल का गीतांजलि हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

0 टिप्पणियाँ