चित्तौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
चित्तौड़गढ़ के बेगूं थाने के सिपाही को गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार तीन युवकों को टोकना भारी पड़ गया। तीनों आरोपियों ने सिपाही पर हमला कर गमछे से गला घोंट दिया। वह बेहोश होकर नीचे गिर गया। मौके से गुजर रहे कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। बेगूं थाने में राजकार्य में बाधा डालने और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। अभी सिपाही की हालत ठीक है।
DYSP रतनाराम देवासी ने बताया कि जैसलमेर हाल बेगूं थाने का सिपाही विकास पुत्र महिराम विश्नोई को एक आरोपी के गिरफ्तारी के लिए चेंची-रामुरिया भेजा गया था। वो बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान अनोपपुरा के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक गलत दिशा से आए और सिपाही के बाइक को कट मारा। तेज गति और गलत तरीके से बाइक चलाने पर सिपाही ने तीनों को टोक दिया। इस पर बाइक सवार युवकों ने सिपाही को गाली दी और भाग निकले।
मारपीट कर घोंट दिया गला
सिपाही भी युवकों का पीछा किया और करीब 2 किलोमीटर दूर तक पीछा करने के बाद युवकों की बाइक रुकवा कर चाबी निकालकर थाने चलने के लिए कहा। तीनों को सिपाही के इस हरकत पर इतना गुस्सा आया कि सिपाही को पकड़ कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सिपाही ने भी अपना बचाव करने की कोशिश की लेकिन एक युवक ने उसके दोनों पैर पकड़ कर नीचे गिरा दिया और दूसरे ने उसके हाथ पकड़ लिए। नीचे गिरने के बाद एक युवक सिपाही के ऊपर बैठ गया और अपने गले में पहना हुआ साफी से गला घोंटने लगा।
लोगों ने सिपाही को बचाया
शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ आए उनमें से कुछ लोगों ने सिपाही को भी पहचान लिया लेकिन तब तक सिपाही विकास बेहोश हो चुका था। लोगों ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और बेगूं थाने में सूचना दी। लोगों ने पुलिस के आने तक विकास को संभाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने विकास को हॉस्पिटल पहुंचाया। वही तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। राजकार्य में बाधा पहुंचाने और जानलेवा हमले को लेकर पुलिस ने तीनों बेगूं के डोराई रोड निवासी शकील पुत्र फखरुद्दीन, महबूब पुत्र फखरुद्दीन और बरकत पुत्र मोहम्मद हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अभी सिपाही की हालत ठीक है।


0 टिप्पणियाँ