सिरोही ब्यूरो रिपोर्ट।
सीएम अशोक गहलोत के सलाहकार निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा ने खुद सीएम के गृह विभाग की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए गहलोत को एक पत्र लिखा है। पत्र में लोढ़ा ने जेल में बंद हत्या के एक आरोपी को निर्दोष करार दिया है। साथ ही आरोपी की रिहाई और इस पूरे घटनाक्रम में दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। सीएम गहलोत को लिखे पत्र में बताया गया है कि सिरोही जिले में हत्या के मामले गेमाराम गरासिया नाम के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया पर सिरोही के जिस झाड़ोलीवीर क्षेत्र में हत्या मामले को लेकर उसकी गिरफ्तारी हुई है, उस दिन गेमाराम सिरोही में मौजूद ही नहीं था, बल्कि पाली ज़िले के बाली जेल में बंद था। उन्होंने कहा कि बाली जेलर ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सिरोही जेल के दौरे के दौरान जेल मंत्री टीकाराम जूली के समक्ष भी ये तथ्य सामने आए थे। सीएम सलाहकार ने कहा कि सिरोही जिले में हत्या मामले में निर्दोष को गिरफ्तार करने का लगातार यह दूसरा मामला है।
सीएम गहलोत को लिखे पत्र में गेमाराम की गलत गिरफ्तारी का ज़िक्र करते हुए सीएम गहलोत से उसकी रिहाई के लिए अग्रिम कार्यवाही करवाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि 'सीआरपीसी 169 के तहत गेमाराम गरासिया की रिहाई के लिए सरकार की ओर से कोर्ट में अर्जी पेश की जाए। साथ ही दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

0 टिप्पणियाँ