जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य सरकार द्वारा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केन्द्र बीकानेर में 20 करोड़ रुपये की लागत से एक अतिरिक्त लिनियर एक्सीलरेटर लगाने का निर्णय लिया गया है। इस मशीन के लगने से संस्थान में रेडियोथैरेपी के लिए आने वाले लाखों मरीजों को फायदा मिलेगा। वर्तमान में यहां 2 लिनियर एक्सीलरेटर लगे हुए हैं और लगभग 400 मरीजों को हर रोज रेडियोथैरेपी दी जाती है।चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीना ने कहा कि संस्थान में उच्च गुणवत्ता की लिनियर एक्सीलरेटर लगाये जाने से लोगों की उपचार सुविधाओं में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान उत्तर भारत का बहुत बड़ा कैंसर ट्रीटमेंट सेन्टर है, जहां राजस्थान सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से हर साल एक लाख से ज्यादा कैंसर मरीज उपचार के लिए आते हैं। मीना आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर चिकित्सा एवं अनुसंधान केन्द्र की गवर्निंग बॉडी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में कैंसर के इलाज के लिए लाखों मरीज प्रतिवर्ष आते हैं, उनका सुचारू एवं समयबद्ध इलाज होना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संस्थान में रिक्त पदों को पदस्थापन या संविदा नियुक्ति के माध्यम से यथाशीघ्र भरने के भी निर्देश दिये। चिकित्सा मंत्री ने संस्थान के प्रतिनिधियों से कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की घोषणा के अनुरूप राज्य के नागरिकों को सभी तरह की जांचें एवं इलाज निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्राप्त हो।

0 टिप्पणियाँ