जोलपा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शनिवार शाम साढ़े 7 बजे पुलिस के संरक्षण में दलित दूल्हे की घाेड़ी पर निकासी निकाली गई। जोलपा कस्बे में बारां के अटरु थाना क्षेत्र के निमोदा गांव निवासी दूल्हा सुरेंद्र मेघवाल पुत्र मोहनलाल मेघवाल की बारात आई थी। मेघवाल समाज के लोगों ने बताया कि जोलपा में 25 वर्ष पहले दूल्हे की निकासी निकालने के दौरान ग्रामीणाें ने घोड़ी से उतार दिया था। इससे आशंकित युवती पूजा के पिता रामराज मेघवाल ने पुलिस व प्रशासन काे प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की थी।
इस पर जोलपा गांव में खानपुर सर्किल अधिकारी राजीव परिहार समेत चारों थाना प्रभारी व रिजर्व पुलिस लाइन से जाब्ता तैनात किया गया। इसके बाद पंच-पटेलों समेत समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने दूल्हे सुरेंद्र की निकासी घोड़ी पर निकाली। इस दौरान लोगों ने नाच गाकर खुशी मनाई। गाैरतलब है कि कस्बे में पहली बार दलित समाज के दूल्हे ने घोड़ी पर निकासी निकालकर तोरण मारा। इस अवसर पर जनपद अमरलाल जादम, मेघवाल विकास समिति ब्लॉक अध्यक्ष बबलू मेघवाल, राष्ट्रीय मेघवाल विकास परिषद ब्लॉक अध्यक्ष रामभरोस मेघवाल, गिरिराज मेघवाल, शिक्षक रामहेत, शिक्षक मोहनलाल, मंडावर थानाधिकारी मुरलीधर नागर, खानपुर कार्यवाहक थानाधिकारी रमेशचंद मेरोठा, सारोला थानाधिकारी दिनेश शर्मा, पनवाड़ थानाधिकारी अशोक कुमार व जिला पुलिस लाइन के जवान मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ