डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज एक बार फिर डूंगरपुर आएंगे। गहलोत सागवाड़ा के ज्ञानपुर गांव में पाटीदार समाज के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी भी तैयारी में जुटे हुए है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हाल ही में 15 अप्रैल को डूंगरपुर आए थे। गुजरात से राजस्थान पहुंची दांडी पदयात्रा के स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हिस्सा लिया था।
कलेक्टर शुभम चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 10 बजे जयपुर से विशेष प्लेन से रवाना होंगे और सुबह 11 बजे डबोक एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11.15 बजे हेलिकॉप्टर से रवाना होकर 11.45 बजे ज्ञानपुर (डूंगरपुर) आएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ज्ञानपुर गांव में पाटीदार समाज के महासम्मेलन और धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद करीब 1.30 बजे हेलिकॉप्टर से उदयपुर और फिर जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री का दौरा तय होते ही पाटीदार समाज, कांग्रेस और जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। हैलीपेड से लेकर सभास्थल तक सुरक्षा व्यवस्था समेत कई तरह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्टर शुभम चौधरी, एसपी सुधीर जोशी ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं आयोजक पाटीदार समाज की ओर से विशाल पांडाल तैयार करवाया जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ