करौली में हुए दंगे में जयपुर ग्रेटर नगर निगम मेयर सौम्या गुर्जर के पति राजाराम गुर्जर को भी आरोपी बनाया गया है। करौली पुलिस की ओर से दर्ज FIR में राजाराम सहित 24 को नामजद आरोपी बनाया है। मेयर पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश में बताई जा रही है। राजाराम गुर्जर करौली नगर परिषद का सभापति रह चुका है।
जयपुर ग्रेटर मेयर के पति राजाराम गुर्जर का FIR में नाम आते ही उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। उसकी तलाश के लिए टीमों को रवाना किया गया है। कभी भी राजाराम गुर्जर की गिरफ्तारी हो सकती है। मेयर पति करौली के मुंडिया में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में 2 अप्रैल को दिखे थे।
4 DSP, 5 SHO, दो DST की टीमों का गठनकरौली दंगे में 22 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, 20 आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। 4 DSP, 5 SHO, 2 डीएसटी की टीमें बनाई गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, नुकसान का आंकलन करने, घटना की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
कल से खुल सकती है दुकानें
गुरुवार से जरूरत के सामान की दुकानों को खोलने पर विचार चल रहा है। कर्फ्यू वाली जगहों पर कुछ घंटों की छूट दी जा सकती है। लोगों से बार-बार अपील की जा रही है कि वह शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस की मदद करें। फिलहाल मौके पर पुलिस जाब्ता मौजूद रहने और गिरफ्तारियां शुरू होने से पूरे इलाके में शांति बनी हुई है।
(दैनिक भास्कर से साभार)




0 टिप्पणियाँ