राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के चुनाव में नामांकन वापसी के साथ ही उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महासचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं अध्यक्ष सहित चार पदों पर 13 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं।
एसोसिएशन चुनाव के नाम वापसी का सोमवार को आखिरी दिन था। महासचिव पद के लिए नामांकन भरने वाले सुरेश कुमार पारीक ने अपनी दावेदारी वापस ले ली, लेकिन अन्य पदों पर किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद रिटर्निंग अधिकारी चंद्रशेखर कोटवानी ने अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर रवि भंसाली, श्यामसुंदर लदरेचा व विनोद चौधरी के बीच मुकाबला है। उपाध्यक्ष पद पर निखिल डूंगावत, प्रदीप कुमार पूनिया, राजेंद्रसिंह चौहान, महासचिव पद पर अरुण कुमार, सुमन अग्रवाल व सुनील जोशी संयुक्त सचिव पद पर महेंद्रसिंह सोनी, मानवेंद्र केएस भाटी, सपना वैष्णव व श्रेयांस मेहता चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन वापसी के साथ ही उम्मीदवारों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मतदान 7 अप्रैल को होगा।


0 टिप्पणियाँ