सरकार के 17 महीने बचे हैं, हेरिटेज निगम बने 17 माह हाे चुके हैं। अब तक न ताे कमेटियां बनाई गईं हैं और ना ही बोर्ड बैठक बुलाई गई है। 15वीं विधानसभा के चुनाव परिणाम 12 दिसंबर 2018 काे आए थे। वहीं, हेरिटेज निगम के 3 नवंबर 2020 काे चुनावों के परिणाम आए थे। कमेटियां गठन चार बाद टल चुकी हैं।

अब कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों ने निगम हेरिटेज में कमेटियां बनाने काे लेकर एक बार फिर मांग उठाई है। पार्षदों ने हेरिटेज क्षेत्र के चारों एमएलए से त्योहारी माह में कमेटियां गठन करने की मांग की है। बोर्ड के कांग्रेस व निर्दलीय कुल 57 पार्षदों में 30 मुस्लिम पार्षद हैं। पार्षदों का कहना है कि नवरात्र व रमजान एक साथ हाेने पर दाेनाें ही समुदाय के पार्षद कमेटियों का गठन कर गंगा-जमुना तहजीब का संदेश देना चाहते हैं।

पार्षदाें ने कहा- एमएलए अपना वर्चस्व नहीं खाेना चाहते
इधर, कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों का कहना है कि 25 साल के इतिहास में पहली बार जयपुर में कांग्रेस का बोर्ड बना है। शहर के कांग्रेस एमएलए ने अनावश्यक रूप से क्षेत्र के प्रत्येक कार्याे की अपने सिर पर जिम्मेदारी ले रखी है। अपना वर्चस्व कम नहीं हाे, इसके लिए निगम में कमेटियों का गठन नहीं हाेने दे रहे हैं।

चार बार टाल चुके, अब नवरात्र और रमजान पर फिर से उठी समितियां बनाने की मांग
खफा पार्षद कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके। जब भी विरोध शुरू हुआ, तब चारों कांग्रेसी विधायक जल्द कमेटियां घोषित करने का आश्वासन देकर मामले को शांत करा देते थे।

  • पहली बार अप्रैल 2021 में काेराेना संक्रमणकाल में बैठकें नहीं बुलाने का कहकर टाला।
  • दूसरी बार पिछली जनवरी में कैबिनेट मंत्री खाचरियावास और विधायक रफीक खान के उत्तर प्रदेश चुनावों काे लेकर टाल दिया गया।
  • तीसरी बार फरवरी में सरकार की समितियों में राजनीतिक नियुक्तियों काे लेकर हेरिटेज के मामले काे टाला गया।
  • चाैथी बार मार्च में विधानसभा का बजट सत्र होना बताकर फिर से समितियों पर कोई फैसला नहीं लिया गया।

डीएलबी के अनुसार; 23 समितियां बन सकती हैं
स्वायत्त शासन विभाग के कानूनविदों के अनुसार हेरिटेज में 100 वार्ड हाेने पर अधिकतम 23 समितियां बन सकती हैं। इसके चलते अब हेरिटेज में निर्दलीय पार्षदों काे संतुष्ट करने के साथ कांग्रेस के पार्षदों काे भी अवसर देकर संतुष्ट रखा जा सकेगा। इसी के चलते अब निगम में 23 समितियों के सदस्यों व चेयरमैन के दावेदारों पर चर्चा तेज हाे गई है।

ये है कांग्रेस बोर्ड काे समर्थन देने वाले 9 निर्दलीय पार्षद

1. हवामहल विधानसभा क्षेत्र वार्ड- 6 से जाहिद अली, वार्ड-12 से माैजम बानाे, वार्ड-15 से मोहम्मद ऐहसान, वार्ड-23 से जाहिदा बानाे। 2. किशनपोल विधानसभा क्षेत्र वार्ड- 62 से रोहित कुमार, वार्ड -65 से मो. जकारिया, वार्ड-68 से नसीम बानाे। 3. आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र वार्ड- 79 से राबिया, 89 से अकबरूद्दीन

  • कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह का कहना है कि कमेटियां बनाने काे लेकर पार्षदों की मांग काे नवरात्रों में ही पूरा कर दिया जाएगा।
  • कैबिनेट मंत्री महेश जाेशी, विधायक रफीक खान व अमीन कागजी इस बारे में बात करने से बचते रहे।
  • मेयर मुनेश गुर्जर की मानें तो बोर्ड गठन के 90 दिन में ही कमेटियां बननी थीं। अब राज्य सरकार को ही कमेटियां गठन करने का अधिकार है।