हरिमोहन चोडॉवत--झालावाड़
झालावाड़ जिले के अकलेरा कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अकलेरा स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी छात्रों के साथ शिक्षकों द्वारा अभद्रता व मारपीट का मामला सामने आया है। कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थी छात्रों ने परीक्षा केंद्र के कुछ शिक्षकों पर मास्क लगाने को लेकर परीक्षा के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशान करना तथा परीक्षा से महज कुछ देर पहले ही मास्क लेने भेज कर अतिरिक्त समय जाया करने का आरोप लगाया। नाराज छात्रों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परीक्षार्थी छात्रों ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र राज्य उच्च माध्यमिक विद्यालय अकलेरा में आया था। आज सुबह जब वे परीक्षा देने केंद्र पहुंचे, तो परीक्षा केंद्र संचालक तथा शिक्षकों ने उन्हें बिना मास्क के प्रवेश करने से रोका और परीक्षा के महज 10 मिनट पहले मास्क लेने के लिए बाहर भेज दिया। जबकि प्रवेश पत्र में भी कहीं मास्क लगाने को लेकर आवश्यक निर्देश नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा तो अब कोरोना गाइड लाइन को भी खत्म कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र संचालक शिक्षकों द्वारा छात्रों से अभद्रता की गई, जिसके चलते छात्रों को मानसिक प्रताड़ना के कारण परीक्षा से भी ध्यान भंग हुआ। ऐसे में दोषी शिक्षकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उधर अकलेरा एसडीएम द्वारा भी मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया गया है।