जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
लोक देवता संत सदाराम के मेले में जा रहे तीन श्रद्धालुओं की बस में बिजली का करंट पास होने से मौत हो गई। हादसे में 8 लोग झुलस गए। भक्त एक निजी बस से जा रहे थे। रास्ते में बिजली के लटके तारों के छूने से करंट लग गया। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना पर जैसलमेर कलेक्टर, एसपी और विधायक अस्पताल पहुंचे। गंभीर घायलों को जोधपुर रैफर किया गया। खींया और खुईयाला गांव के लोगों ने एक निजी बस किराए पर ली थी। बस से संत सदाराम के मेले में दर्शन करने जा रहे थे। ओवरलोडेड बस में कुछ लोग बस की छत पर बैठे थे। दर्शन कर वापस लौटते समय बस की छत पर बैठे लोग सड़क पर लटके तारों के संपर्क में आ गए और करंट लगने से झुलस गए। कुछ लोग बस से कूदने पर घायल हो गए।
हादसे में दो भाइयों राणाराम (60), नारायणा राम (55) पुत्र किरता राम खींया और पदमाराम करणा (42) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभु राम (30) निवासी नग्गा गंभीर अवस्था घायल हो गया, उसे जोधपुर रैफर किया गया। चिल्लाने की आवाज पर आस-पास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मृतकों और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

0 टिप्पणियाँ