हनुमानगढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।

जिले की पीलीबंगा पुलिस ने 3 महिला तस्करों को डोडा पोस्त समेत गिरफ्तार किया है। तीनों महिलाओं को एक ही दिन में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पकड़ा है। तस्करों से 10 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया है।

पीलीबंगा थानाधिकारी इंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में तीन कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। एसआई रजनदीप टीम समेत शहर में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान सूचना मिली कि गणपति पैलेस के आस-पास एक संदिग्ध महिला घूम रही है। इस पर पुलिस टीम सहित वहां पहुंच महिला की तलाशी ली तो उसके पास से 4 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस महिला को डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार कर थाने ले आई। महिला की पहचान सुरजीत कौर (40) पत्नी लखी सिंह निवासी वार्ड 5 कलां जिला बठिंडा के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि दूसरी कार्रवाई में एसआई ने हरबंश सिंह टीम सहित गश्त के दौरान केशव स्कूल के पास से 4 किलो डोडा पोस्त सहित महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान सरबजीत कौर (35) पत्नी हैप्पी सिंह निवासी जनता कॉलोनी बस्ती मोड़ मंडी तलवंडी साबो के रूप में हुई।

थानाप्रभारी इंद्र कुमार ने बताया कि तीसरी कार्रवाई में भी महिला तस्कर को ही गिरफ्तार किया गया। एसआई रजनदीप कौर ने गश्त के दौरान एसटीजी नहर रोही 26 एसटीजी के पास से 2 किलो पोस्त सहित महिला को गिरफ्तार किया। महिला तस्कर की पहचान सुमित्रा उर्फ गुड्डी (45) पत्नी सुखदेव सिंह निवासी वार्ड 58 सुरेशिया हनुमानगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों महिला तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तीनों महिलाओं से अलग-अलग कड़ी पूछताछ की जा रही है।