जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट पेपर धांधली प्रकरण की जांच कर रही राजस्थान एसओजी ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर कार्रवाई को अंजाम देते हुए जालोर निवासी अशोक विश्नोई को गिरफ्तार किया है। अशोक विश्नोई को परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को पेपर पढ़वाने में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी भीनमाल में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत है और पेपर लीक करने वाले गिरोह के सदस्यों से आरोपी के तार जुड़े हुए पाए गए हैं। एसओजी की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अशोक विश्नोई की ओर से भीनमाल में रीट का पेपर परीक्षा से पूर्व अभ्यर्थियों को पढ़ाए जाने में सहयोग किया गया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद एसओजी मुख्यालय लाया गया है। जहां पर उससे प्रकरण को लेकर पूछताछ की जा रही है। रीट पेपर लीक प्रकरण में कार्रवाई करते हुए अब तक राजस्थान एसओजी 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ में एसओजी की टीम लगातार जुटी हुई है।